कटकमसांडी जाने के क्रम में हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने छड़वा डैम के किनारे कंचनपुर स्थित प्रसिद्ध मां काली मंदिर पहुंचकर माता रानी के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
मंदिर परिसर पहुंचने पर स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने विधायक प्रदीप प्रसाद का फूल-माला पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस मौके पर कटकमसांडी पूर्वी मंडल के विधायक प्रतिनिधि रामकुमार मेहता, विनोद सिंह, अशोक राणा, मंडल अध्यक्ष प्रकाश कुशवाहा, वीरेंद्र ओझा, समाजसेवी मनीष ठाकुर, पूर्व सांसद प्रतिनिधि मुनेश ठाकुर समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और मंडल पदाधिकारी मौजूद रहे।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि छड़वा डैम केवल प्राकृतिक सौंदर्य के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि आस्था और पर्यटन की दृष्टि से भी इसका विशेष महत्व है। उन्होंने बताया कि छड़वा डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने और क्षेत्र के समग्र विकास का विषय विधानसभा में उठाया गया था।
विधायक के अनुसार, पर्यटन विभाग की ओर से लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से छड़वा डैम क्षेत्र में विकास कार्य प्रस्तावित हैं। दुर्गापूजा से पहले इन कार्यों का शिलान्यास प्रस्तावित बताया गया है। विकास कार्य पूरा होने के बाद यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
विधायक ने कहा कि छड़वा डैम को पर्यटन, आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना उनका संकल्प है। पर्यटन गतिविधियों के बढ़ने से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में स्थानीय लोगों की जरूरतों और अपेक्षाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
वहीं, स्थानीय नागरिकों ने छड़वा डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की पहल का स्वागत किया और विधायक के प्रति आभार जताया।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को जमीन पर उतारना उनकी प्राथमिकता है और हजारीबाग विधानसभा क्षेत्र के महत्वपूर्ण स्थलों के विकास का प्रयास आगे भी जारी रहेगा।
