हजारीबाग के मटवारी स्थित कृष्णापुरी में तरंग डांस एंड म्यूजिक एकेडमी की ओर से बच्चियों के लिए दो दिवसीय निःशुल्क डांडिया नृत्य कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इसमें करीब 60 बच्चियां नृत्य का प्रशिक्षण ले रही हैं। कार्यशाला का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर बच्चियों को अपनी प्रतिभा निखारने और कला के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देना है।
यह आयोजन समाजसेवी एवं कोर्रा दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष कुमुद गुप्ता के आग्रह पर किया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली बच्चियां विजयादशमी के अवसर पर कोर्रा दुर्गा पूजा पंडाल में डांडिया नृत्य की प्रस्तुति देंगी।
तरंग ग्रुप के निदेशक अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि संस्था आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों को निःशुल्क प्रशिक्षण देकर उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। कार्यशाला में नृत्य प्रशिक्षिका लक्ष्मी यादव और अमित कुमार गुप्ता बच्चियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि संस्था इससे पहले मूक-बधिर, अनाथ, बिरहोर और अन्य आदिम जनजातीय समुदायों के बच्चों को भी निःशुल्क नृत्य प्रशिक्षण दे चुकी है। संस्था का उद्देश्य है कि आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियों के कारण किसी भी बच्चे की प्रतिभा पीछे न रह जाए।
