बड़ा बाजार दुर्गा पूजा महासमिति की दरिद्र नारायण सेवा में 500 से अधिक जरूरतमंदों को कराया गया भोजन, वस्त्र और कंबल वितरित


 हजारीबाग: बड़ा बाजार दुर्गा पूजा महासमिति की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर पूजा पंडाल परिसर के समीप दरिद्र नारायण सेवा का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान 500 से अधिक जरूरतमंद महिलाओं, पुरुषों और बच्चों को भोजन कराया गया। साथ ही जरूरतमंदों के बीच कंबल, साड़ी, धोती और छोटे बच्चों के वस्त्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम में हजारीबाग के उप महापौर अविनाश कुमार यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ नगर निगम के वार्ड पार्षद टिंकू खान, विजय प्रसाद, विशाल वर्मा, बैजनाथ राम और गालिब अहमद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त अनिल कुमार भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुई। महासमिति की ओर से उप महापौर अविनाश कुमार यादव, उपस्थित वार्ड पार्षदों और सहायक नगर आयुक्त अनिल कुमार को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद सभी अतिथियों ने प्रसाद ग्रहण किया।

दरिद्र नारायण सेवा के तहत असहाय, गरीब, रिक्शा चालकों और बिरहोर बस्ती के लोगों सहित 500 से अधिक जरूरतमंदों को पूरी, सब्जी, चटनी, जूस और मिठाई परोसी गई। भोजन के बाद जरूरतमंदों के बीच कंबल, साड़ी, धोती और छोटे बच्चों के कपड़े वितरित किए गए। आयोजन के दौरान महासमिति के सदस्य उमेश यादव सहित अन्य लोगों ने भी साड़ी वितरण में सहयोग किया।

इस अवसर पर पिछले 22 वर्षों से लगातार सेवा कार्य में योगदान देने वाले दिनेश कुमार सिंह और प्रकाश सिंह को महासमिति की ओर से अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। समिति के पदाधिकारियों ने उनके लंबे समय से जारी सहयोग और समर्पण की सराहना की।

उप महापौर अविनाश कुमार यादव ने कहा कि दरिद्र नारायण सेवा जैसे आयोजन समाज में मानवीय संवेदना, सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। दुर्गा पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ खुशियां बांटने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों के बीच भोजन और वस्त्र वितरित कर बड़ा बाजार दुर्गा पूजा महासमिति ने सराहनीय पहल की है। ऐसे आयोजन आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने महासमिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को इस कार्य के लिए बधाई दी।

महासमिति के सचिव दीप नारायण निषाद ने कहा कि दुर्गा पूजा के अवसर पर दरिद्र नारायण सेवा आयोजित करने का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को त्योहार की खुशियों में सहभागी बनाना है। इस वर्ष भी 500 से अधिक जरूरतमंदों को भोजन कराने के साथ वस्त्र वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि महासमिति भविष्य में भी इस सेवा परंपरा को पूरी निष्ठा के साथ जारी रखेगी।

वहीं, महासमिति की कोर कमेटी के सदस्य दिलीप जायसवाल ने कहा कि दरिद्र नारायण सेवा समिति की प्रमुख गतिविधियों में से एक है। महासमिति का प्रयास है कि दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर जरूरतमंद लोगों तक पहुंचकर उनके जीवन में खुशियां लाई जाएं। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों में भी समाज कल्याण के लिए यह परंपरा निरंतर जारी रहेगी।

गौरतलब है कि बड़ा बाजार दुर्गा पूजा महासमिति पिछले 25 वर्षों से लगातार दरिद्र नारायण सेवा का आयोजन करती आ रही है। यह पहल जरूरतमंदों की सहायता करने के साथ समाज में सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदना का संदेश देती है।

कार्यक्रम में सचिव दीप नारायण निषाद, बंशीधर रुखियार, दिलीप जायसवाल, गणेश यादव, बाल गोविंद निषाद, शंकर गुप्ता, पवन खंडेलवाल, बैजनाथ गुप्ता, रविकांत गुप्ता, नरेश निषाद, प्रदीप जैन, प्रमोद खंडेलवाल, उदय शंकर गुप्ता, शांतिलाल अग्रवाल, रितेश खंडेलवाल, पिकु यादव, संजय यादव, दिलीप सोनी, उपेंद्र सिन्हा, लक्ष्मण निषाद, राजू सिन्हा, आशुतोष चौधरी, अनिल मद्धेशिया, पंकज कसेरा, अनिल ताम्बी, संतोष गुप्ता, यश राज, अभय निषाद और अजय गुप्ता सहित कई लोग उपस्थित रहे।