हजारीबाग में विशेष वाहन चेकिंग अभियान, नो-पार्किंग में खड़े 5 वाहन क्रेन से उठाए गए


 हजारीबाग में पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष वाहन चेकिंग सह जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को टो मशीन यानी छोटे क्रेन की मदद से हटाया गया।

अभियान का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर के द्वारा किया गया। इसके लिए यातायात थाना प्रभारी के साथ 4 पुलिस पदाधिकारी, 8 पुलिसकर्मी और 8 गृहरक्षकों की टीम गठित की गई थी।

टीम ने पुराना समाहरणालय, सीसीआर मोड़, इंद्रपुरी चौक, डॉक्टर गली, आनंद चौक, कांग्रेस चौक, गुरु गोविंद सिंह रोड, पैगोडा चौक, मेन रोड, झंडा चौक, खाजा चौक, सांसद महोदय मोड़, सुंदरी मार्केट, पंच मंदिर चौक, छोटी ग्वालटोली, सुजात चौक, सरदार चौक और वंशीलाल चौक समेत विभिन्न स्थानों पर वाहन जांच की।

पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने के 23, ट्रिपल लोडिंग के 15 और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल के 8 मामलों में चालान किया गया। वहीं, नो-पार्किंग से संबंधित 57 ऑटो, टोटो और अन्य वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

इसके अलावा टो मशीन यानी छोटे क्रेन की मदद से नो-पार्किंग जोन में खड़े 5 वाहनों को उठाकर हटाया गया और उनके खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।

पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करने और निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, यातायात नियमों के पालन और सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।