हजारीबाग पुलिस की दोहरी कार्रवाई, 40 किलो महुआ जावा नष्ट, चोरी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

 


हजारीबाग: आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए हजारीबाग पुलिस की ओर से अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और अपराध नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में टाटीझरिया थाना क्षेत्र के अमनारी गांव में करीब 40 किलोग्राम महुआ जावा को नष्ट किया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना प्रभारी, टाटीझरिया के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार, जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी इस तरह की कार्रवाई जारी है और आगे भी अभियान चलाया जाएगा।


वहीं, पदमा थाना पुलिस
ने चोरी के एक मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पदमा थाना कांड संख्या 365/26, दिनांक 12 अक्टूबर 2026 के तहत दर्ज मामले में पंकज कुमार (36 वर्ष), पिता विश्वनाथ गोप, निवासी सरैया चट्टी और दिलीप सोनी (28 वर्ष), पिता आनंद सोनी, निवासी पिंकारकोन, थाना पदमा ओपी, जिला हजारीबाग को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के स्वीकारोक्ति बयान और निशानदेही पर दो जोड़ी चांदी की पायल और दो जोड़ी हाथ की बालियां विधिवत बरामद की गईं। इसके बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

हजारीबाग पुलिस ने पर्व-त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।