हजारीबाग। कटकमसांडी प्रखंड मुख्यालय स्थित स्टेडियम का निर्माण कार्य पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से अधूरा पड़ा है। क्षेत्र भ्रमण के दौरान स्थानीय खिलाड़ियों ने स्टेडियम की बदहाल स्थिति और खेल सुविधाओं की कमी का मुद्दा कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह के समक्ष उठाया। खिलाड़ियों ने स्टेडियम की मरम्मत और अधूरे निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग की।
इस पर मुन्ना सिंह ने खिलाड़ियों को आश्वासन दिया कि वे इस मामले को लेकर हजारीबाग के उपायुक्त और झारखंड सरकार के संबंधित मंत्रियों से बातचीत करेंगे। उन्होंने कहा कि स्टेडियम की मरम्मत और निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा, ताकि क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें।
मुन्ना सिंह ने कहा कि खेल मैदान युवाओं की प्रतिभा निखारने और उनके भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में वर्षों से स्टेडियम का अधूरा पड़ा रहना चिंता का विषय है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के समक्ष इस समस्या को उठाकर समाधान की दिशा में पहल करने की बात कही।
इस दौरान स्थानीय मुखिया पप्पू पांडेय, हिरामन यादव उर्फ चरका यादव, शेरू खान सहित कई स्थानीय लोग और खिलाड़ी मौजूद रहे।
