वीईसी फिल्म्स के बैनर तले बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म "जगद्गुरु श्री रामकृष्ण" आगामी 13 नवंबर से बिहार, बंगाल और झारखंड के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने जा रही है। यह फिल्म महान संत और दार्शनिक रामकृष्ण परमहंस के प्रेरणादायक जीवन, उनके गहरे आध्यात्मिक अनुभवों और उनके सार्वभौमिक संदेशों पर आधारित है।
फिल्म में रामकृष्ण परमहंस के जीवन के उन महत्वपूर्ण अध्यायों को दिखाया गया है, जहाँ उन्होंने सत्य, प्रेम, भक्ति और मानवता का संदेश दिया। निर्माताओं के अनुसार उनका जीवन आध्यात्मिक साधकों के साथ-साथ आज के युवाओं और जागरूक नागरिकों के लिए भी मार्गदर्शक है।
निर्माताओं का मानना है कि आज की भागदौड़ और तनाव भरी जिंदगी में फिल्म के विचार युवाओं को मानसिक शांति और सही दिशा खोजने में सहायक सिद्ध हो सकते हैं। फिल्म भौतिकता से ऊपर उठकर नैतिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं को अपनाने तथा निःस्वार्थ भाव से समाज की सेवा करने का संदेश देती है। साथ ही, यह नई पीढ़ी को भारत की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रयास भी है।
फिल्म का निर्देशन डॉ. बिमल कुमार मिश्रा ने किया है, जबकि निर्माता गजानंद पाठक हैं। संगीत अजय मिश्रा का है तथा छायांकन राहुल पाठक ने किया है। फिल्म में अमरकांत कुमार राय, चांदनी झा, गजानंद पाठक, श्रेष्ठा भट्टाचार्य, प्रशांत कुमार पांडे, दीपक घोष, मुकेश राम प्रजापति, अजीत अरोड़ा और मनोज पांडे प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
निर्माताओं का कहना है कि यह फिल्म केवल सिनेमाई प्रस्तुति नहीं, बल्कि ऐसा अनुभव है, जो दर्शकों के भीतर सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करेगा। उन्होंने सभी वर्ग के दर्शकों, विशेषकर युवाओं से परिवार सहित फिल्म देखने की अपील की है।
