देश में जाति आधारित जनगणना को लेकर ओबीसी समुदाय की ओर से जनगणना फॉर्म में अलग से OBC कॉलम शामिल करने की मांग उठाई जा रही है। इसी मांग को लेकर राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा, झारखंड प्रदेश का प्रतिनिधिमंडल इन दिनों दिल्ली प्रवास पर है। प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग, दिल्ली को ज्ञापन सौंपकर जनगणना फॉर्म में OBC का अलग कॉलम जोड़ने की मांग की है।
राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा के प्रदेश सचिव सुरेश ठाकुर ने कहा कि जनगणना फॉर्म में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और सामान्य वर्ग से संबंधित श्रेणियां होने के बावजूद OBC के लिए अलग कॉलम नहीं होना समुदाय के सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और राजनीतिक अधिकारों से जुड़ी समस्याओं को बढ़ा सकता है।
उन्होंने कहा कि ओबीसी समुदाय की वास्तविक जनसंख्या के आंकड़े उपलब्ध होने से सामाजिक और आर्थिक नीतियां बनाने में मदद मिल सकती है। मोर्चा ने केंद्र सरकार से मांग की है कि जनगणना फॉर्म में OBC का अलग कॉलम जोड़ा जाए।
सुरेश ठाकुर ने कहा कि यदि मांग पर कार्रवाई नहीं होती है तो देशभर के OBC संगठनों के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
