बाबा श्री श्याम मंदिर में सिंहासन की नींव रखी गई, जयकारों से गूंजा परिसर

 


हजारीबाग के मालवीय मार्ग स्थित बिहार दुर्गा स्थान के समीप नवनिर्मित बाबा श्री श्याम मंदिर परिसर में सोमवार को श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। बाबा श्री श्याम के सिंहासन की नींव रखे जाने के अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना की गई।

शुभ मुहूर्त में सुबह 9:31 बजे से 10:20 बजे तक धार्मिक अनुष्ठान आयोजित हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में श्याम भक्तों ने श्रद्धा के साथ पूजा में हिस्सा लिया। पूजा शुरू होते ही मंदिर परिसर बाबा श्री श्याम के जयकारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम में महिलाओं ने सामूहिक रूप से बाबा श्री श्याम का गुणगान किया। भक्ति गीतों और भजनों की प्रस्तुति से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। ‘श्याम घर आया जी’ समेत कई भजनों के बीच श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।

पूजा के दौरान महिलाओं ने बाबा श्री श्याम के समक्ष अपनी मनोकामनाएं रखते हुए अरदास की और हजारीबाग की धरती पर बाबा के शीघ्र विराजमान होने की प्रार्थना की। इस दौरान बाबा श्याम के साथ हनुमान जी और राणी सती दादी का भी गुणगान किया गया।

पूजा-अनुष्ठान के समापन पर बाबा श्री श्याम की आरती के साथ हनुमान जी और अन्य देवी-देवताओं की आरती की गई। आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ जयकारे लगाए। मंदिर परिसर का माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक नजर आया और भक्त भावविभोर दिखाई दिए।

वर्षों की प्रतीक्षा अब पूर्णता की ओर

श्याम भक्तों के लिए सिंहासन की नींव रखे जाने का यह अवसर खास माना जा रहा है। हजारीबाग में बाबा श्री श्याम के भव्य धाम की लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे भक्तों में इस अवसर को लेकर खास उत्साह देखा गया।

सिंहासन की नींव रखे जाने के साथ ही अब भक्त उस अवसर की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जब भव्य आयोजन के बीच बाबा श्री श्याम अपने धाम में विराजमान होंगे। सोमवार को आयोजित पूजा-अर्चना भी इसी कामना के साथ संपन्न हुई कि बाबा शीघ्र हजारीबाग पधारें और भक्तों को अपने दर्शन का सौभाग्य प्रदान करें।