हजारीबाग के उपायुक्त हेमंत सती ने चुरचू प्रखंड के भ्रमण के दौरान विभिन्न सरकारी संस्थानों, विद्यालयों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं, योजनाओं के क्रियान्वयन एवं संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को जनहित में कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
भ्रमण के क्रम में चुरचू प्रखंड जाने के दौरान उपायुक्त ने सदर प्रखंड अंतर्गत नव प्राथमिक विद्यालय, चानो-2 का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों की उपस्थिति, पोशाक, मध्याह्न भोजन एवं शिक्षकों की उपस्थिति पंजी की जांच की। प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय में कुल 45 विद्यार्थी नामांकित हैं। उपायुक्त ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके पठन-पाठन एवं विषय संबंधी जानकारी ली और शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
इसके बाद उपायुक्त ने प्राथमिक विद्यालय, सीतागढ़ा का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने वीएचएसएनडी कार्यक्रम एवं टीकाकरण की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान विद्यालय की कार्यप्रणाली एवं सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक सुबानी रुंडा की कार्यकुशलता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की गई। बताया गया कि उनके द्वारा विद्यार्थियों को गणित सहित अन्य विषयों की जानकारी सरल एवं नवाचारपूर्ण तरीकों से दी जाती रही है। उपायुक्त ने सेवानिवृत्ति के बाद भी शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना करते हुए समाज एवं विद्यार्थियों के हित में अपने अनुभव साझा करने के लिए प्रेरित किया।
चुरचू प्रखंड कार्यालय पहुंचकर उपायुक्त ने पूरे भवन एवं परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने सोलर लाइट की क्रियाशीलता, होमगार्ड जवानों की संख्या तथा प्रखंड में संचालित एसआईआर कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अंचल कार्यालय परिसर में स्थित पुराने भवन को ध्वस्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा परिसर की सुंदरता और पर्यावरण संरक्षण के लिए आवश्यक स्थानों पर पौधरोपण कराने का निर्देश दिया। पंचायत भवन का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
स्वास्थ्य केंद्र में दवाओं की सूची हिंदी में प्रदर्शित करने का निर्देश
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चुरचू के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने डीएमएफटी के माध्यम से संचालित योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध दवाइयों की सूची हिंदी में प्रदर्शित करने का निर्देश दिया, ताकि ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले मरीजों को उपलब्ध दवाओं की जानकारी आसानी से मिल सके।
उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, ओपीडी, प्रसव कक्ष, ऑपरेशन कक्ष, जांच घर, महिला एवं पुरुष वार्ड सहित पूरे परिसर का निरीक्षण किया। नवनिर्मित जांच घर के निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि यहां मलेरिया, टाइफाइड एवं टीबी सहित विभिन्न जांच की सुविधा उपलब्ध है। केंद्र में प्रतिमाह करीब 30 प्रसव होने की जानकारी भी दी गई। साथ ही वर्तमान में गायनी चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने की बात बताई गई।
उपायुक्त ने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं एवं क्रियाशीलता पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे और अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर बनाए रखने तथा बायोमेडिकल वेस्ट के समुचित प्रबंधन पर विशेष जोर दिया।
पीएम श्री विद्यालय में विद्यार्थियों की शैक्षणिक तैयारी परखी
उपायुक्त ने पीएम श्री उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय, चुरचू का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों से विज्ञान विषय से जुड़े प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक समझ एवं परीक्षा की तैयारी का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों को पिछले लगभग 10 वर्षों के प्रश्न पत्रों को हल करने का सुझाव दिया, ताकि परीक्षा की बेहतर तैयारी हो सके और विद्यालय के परीक्षा परिणाम में सुधार आए।
प्रधानाध्यापक ने बताया कि कक्षा 10वीं में कुल 105 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। उपायुक्त ने विद्यार्थियों की उपस्थिति की समीक्षा करते हुए कम उपस्थिति के कारणों की जानकारी ली और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
विद्यालय भवन के निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने का निर्देश दिया। साथ ही झारखंड शिक्षा परियोजना के तहत निर्माणाधीन अतिरिक्त कक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण में प्रयुक्त बालू, ईंट एवं अन्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच की और संबंधित ठेकेदार को गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने तथा निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिथिलता नहीं बरतने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि सरकारी विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र एवं प्रखंड स्तर के कार्यालय आमजनों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए इन संस्थानों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोपयोगी बनाया जाना आवश्यक है।
इस दौरान प्रशिक्षु आईएएस सह चुरचू अंचलाधिकारी पूर्वा अग्रवाल एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी ललित राम मौजूद थे।
