हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल सोमवार को झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं गिरिडीह विधायक स्व. सुदिव्य कुमार सोनू के नरसिंहरायडीह स्थित आवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। सांसद ने दिवंगत मंत्री की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके आकस्मिक निधन को अत्यंत पीड़ादायक बताया।
सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि स्व. सुदिव्य कुमार सोनू का निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका सहज और सरल स्वभाव सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इसके बाद सांसद धनबाद पहुंचे, जहां विधायक राज सिन्हा समेत भाजपा के कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत और अभिनंदन किया। धनबाद जिला भाजपा कार्यालय सभागार में आयोजित ‘25 वर्ष सेवा संकल्प अभियान’ में सांसद मनीष जायसवाल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
