पूर्व सांसद महावीर लाल विश्वकर्मा आरोग्यम अस्पताल में भर्ती, हर्ष अजमेरा ने ली स्वास्थ्य की जानकारी


हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ समाजसेवी महावीर लाल विश्वकर्मा अस्वस्थ चल रहे हैं। बेहतर चिकित्सा के लिए उन्हें हजारीबाग स्थित आरोग्यम अस्पताल के एमआईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, चिकित्सकों की टीम उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए है। उनकी स्थिति के अनुसार आवश्यक उपचार एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इसी क्रम में आरोग्यम अस्पताल के निदेशक हर्ष अजमेरा ने एमआईसीयू पहुंचकर महावीर लाल विश्वकर्मा से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से उनकी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति एवं चल रहे उपचार के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। साथ ही चिकित्सकों को उनके इलाज और देखभाल में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने देने तथा आवश्यकता के अनुसार बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

महावीर लाल विश्वकर्मा के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलने के बाद उनके शुभचिंतकों, समर्थकों एवं परिचितों में उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी हुई है। लोग उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। आरोग्यम अस्पताल प्रबंधन की ओर से भी उनके जल्द स्वस्थ होकर सकुशल घर लौटने की कामना की गई है।