स्वर्गीय झुनिया देवी की द्वितीय पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, जरूरतमंदों के बीच बांटे कंबल

 


मांडू विधानसभा क्षेत्र के भट्ठाटांड, बुमरी में सोमवार को झुनिया देवी ग्रामीण विकास फाउंडेशन की ओर से स्वर्गीय झुनिया देवी की द्वितीय पुण्यतिथि पर स्मरण एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल शामिल हुए और स्वर्गीय झुनिया देवी की स्मृति को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

सांसद मनीष जायसवाल ने मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो की माता स्वर्गीय झुनिया देवी की स्मृति में स्थापित प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने विधायक एवं ग्रामीणों के साथ जरूरतमंद परिवारों के बीच कंबल का वितरण भी किया।

सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि जरूरतमंद और असहाय लोगों के साथ खड़ा होना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सहयोग और संवेदना पहुंचाना ही सच्ची मानव सेवा है। उन्होंने कहा कि दिवंगत परिजनों की स्मृति को समाजसेवा से जोड़ना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

कार्यक्रम के दौरान झुनिया देवी ग्रामीण विकास फाउंडेशन की ओर से जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए एंबुलेंस सेवा का शुभारंभ भी किया गया। सांसद मनीष जायसवाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एंबुलेंस की उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण है। यह सेवा जरूरतमंद मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में सहायक होगी।

उन्होंने फाउंडेशन के इस सामाजिक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सेवा, संवेदना और सहयोग के ऐसे प्रयास समाज को मजबूत बनाते हैं। कार्यक्रम में हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।