ग्वाल टोली चौक में भव्य दुर्गा पूजा की तैयारी तेज, सप्तमी से नवमी तक होगी विशेष महाआरती


 हजारीबाग के ग्वाल टोली चौक स्थित श्री शारदीय दुर्गा पूजा महासमिति की ओर से आगामी शारदीय नवरात्र एवं दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। वर्ष 2015 से आयोजित हो रही इस पूजा को लेकर इस बार भी भव्य आयोजन की तैयारी की जा रही है।

महासमिति के अध्यक्ष दीनानाथ यादवेन्द्र और सचिव संजय गोप के नेतृत्व में पंडाल, प्रतिमा, विद्युत एवं पुष्प सज्जा का काम जारी है। माता दुर्गा की प्रतिमा स्थानीय मूर्तिकार मुरारी द्वारा तैयार की जा रही है। विद्युत सज्जा भारत लाइट, पुष्प सज्जा केशरी इवेंट और पंडाल निर्माण गायत्री टेंट हाउस द्वारा किया जा रहा है।

माता के मंडप का स्थायी सौंदर्यीकरण राजस्थान के कारीगरों द्वारा गुलाबी पत्थरों से किया गया है। सप्तमी से नवमी तक महाआरती में आसनसोल, पश्चिम बंगाल से आने वाली 10 सदस्यीय ढाकियों की टोली पारंपरिक ढाक वादन करेगी।

पंचमी को दोपहर एक बजे दरिद्र नारायण भोज, कंबल और वस्त्र वितरण होगा। सप्तमी को डोली यात्रा और खीर भोग, अष्टमी को हलवा-पूरी प्रसाद तथा नवमी को खिचड़ी महाभोग का वितरण किया जाएगा। विजयादशमी पर निर्धारित मार्ग से गाजे-बाजे के साथ प्रतिमा विसर्जन किया जाएगा।

पूजा-अर्चना का दायित्व आचार्य घोंसाल जी और सरोज पांडे निभाएंगे। महासमिति ने शहरवासियों से पूजा महोत्सव में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।