लद्दाख में बीआईएस मानकों पर संसदीय समिति की चर्चा में शामिल हुए सांसद मनीष जायसवाल

हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल इन दिनों लद्दाख के लेह में संसदीय स्थायी समिति (उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण) की अध्ययन यात्रा में शामिल हैं। अध्ययन यात्रा के दौरान उन्होंने ‘बीआईएस मानकों के गुणवत्ता नियंत्रण और प्रवर्तन में सुधार’ विषय पर आयोजित महत्वपूर्ण चर्चा में भाग लिया।

चर्चा के दौरान लद्दाख में भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) द्वारा निर्धारित गुणवत्ता मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। उपभोक्ताओं को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और मानकों के अनुरूप उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए मौजूदा गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में बाजार में उपलब्ध उत्पादों की नियमित गुणवत्ता जांच, बीआईएस मानकों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई तथा उपभोक्ताओं के अधिकारों की बेहतर सुरक्षा जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे। वहीं, लद्दाख जैसे दुर्गम और भौगोलिक रूप से चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में गुणवत्ता मानकों के अनुपालन में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों पर भी चर्चा हुई।

सांसद मनीष जायसवाल ने चर्चा में भाग लेते हुए गुणवत्ता नियंत्रण की व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और उपभोक्ता हितों की बेहतर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता मानकों का प्रभावी अनुपालन सीधे तौर पर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और अधिकारों से जुड़ा विषय है।

संसदीय स्थायी समिति की यह अध्ययन यात्रा उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण से संबंधित व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। यात्रा के दौरान प्राप्त अनुभवों और सुझावों के आधार पर संबंधित व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार के लिए समिति द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल सांसद मनीष जायसवाल लद्दाख के लेह में इसी अध्ययन यात्रा में शामिल हैं।