मुंबई के ठाणे में विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर झारखंडी युवा एकता संघ की ओर से आदर्श युवा संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष गौतम कुमार का स्वागत और सम्मान किया गया। झारखंड से जुड़े विभिन्न सामाजिक और जनहित के मुद्दों पर आंदोलनों में उनकी भूमिका को लेकर संगठन के सदस्यों ने उनका अभिनंदन किया।
झारखंडी युवा एकता संघ के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा कि पिछले करीब छह वर्षों से गौतम कुमार को मुंबई में सम्मानित करने के लिए आमंत्रित किया जा रहा था, लेकिन किसी कारणवश वे यहां नहीं आ सके। उन्होंने कहा कि गौतम कुमार का मुंबई पहुंचना झारखंडी समाज के लिए खुशी और गर्व का अवसर है।
मुकेश कुमार के मुताबिक, गौतम कुमार ने बिना किसी पद या राजनीतिक शक्ति के नगवा टोल प्लाजा, होमगार्ड और 67 हजार पारा शिक्षकों के मानदेय समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाई है। संगठन ने उनके सामाजिक कार्यों और समर्पण को भी रेखांकित किया।
वहीं, गौतम कुमार ने झारखंड से रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करने वाले लोगों की स्थिति पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि झारखंड में संसाधनों की कमी नहीं है, लेकिन रोजगार की मजबूरी के कारण बड़ी संख्या में लोग प्रवासी जीवन जी रहे हैं।
गौतम कुमार ने कहा कि मुंबई जैसे महानगर में हजारों झारखंडी लोगों के बीच सम्मान मिलना उनके लिए बड़ी बात है। आयोजन में बड़ी संख्या में झारखंडी समाज के लोगों की मौजूदगी रही। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में पांच हजार से अधिक लोगों के जुटने का दावा किया गया।
सम्मान समारोह में बगोदर के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह, जिला परिषद सदस्य कुमकुम देवी, मुखिया सुभाष यादव, जेएलजेएम नेता महेंद्र मंडल समेत संगठन के कमल कुमार दास, विनोद प्रसाद, शैलेश कुमार, सुरेंद्र रविदास, कुलदीप कुमार और अविनाश कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
