हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने सोमवार को विधानसभा क्षेत्र के कटकमसांडी प्रखंड के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होकर क्षेत्रवासियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न आयोजनों में शामिल होकर सामाजिक एवं सांस्कृतिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम की शुरुआत बंझिया मोड़ से हुई, जहां विधायक ने आदिवासी मूलवासी एकता संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से मुलाकात की। संघ के सदस्यों ने उनका स्वागत करते हुए आगामी विशाल करम महोत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। विधायक ने आमंत्रण के लिए आभार जताते हुए कहा कि करम महोत्सव आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा, प्रकृति के प्रति आस्था और सामाजिक एकता का महत्वपूर्ण प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और संवर्धन सभी की साझा जिम्मेदारी है।
इसके बाद विधायक कटकमसांडी के वरिष्ठ समाजसेवी एवं पैक्स अध्यक्ष राजकिशोर सिंह उर्फ राजू सिंह के आवास पहुंचे और उनके पिताजी के निधन पर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को दुःख की घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
वहीं, गणेश चतुर्थी के अवसर पर शाहपुर में आयोजित गणेश उत्सव में विधायक शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव श्रद्धा, भक्ति और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करता है।
ठौठवा में विधायक ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से जनसंवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इसी क्रम में आराभुसाई के मुखिया आदित्य दांगी की माताजी के एकादशाह कार्यक्रम में शामिल होकर विधायक ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी और परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इसके अलावा विधायक ने मांडू विधानसभा क्षेत्र के विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो की माता स्व. झूनिया देवी की द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भी सहभागिता की। इस अवसर पर स्व. झूनिया देवी की स्मृति में स्थापित प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। विधायक प्रदीप प्रसाद ने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि उनका सरल व्यक्तित्व, स्नेह और समाज के प्रति आत्मीय भाव सदैव स्मरणीय रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान जनसेवा के उद्देश्य से एंबुलेंस सेवा का भी शुभारंभ किया गया। विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। यह एंबुलेंस जरूरतमंद मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में सहायक होगी।
कार्यक्रम में बड़कागांव विधायक रौशन लाल चौधरी, प्रकाश झा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि रामकुमार मेहता, सुमन राय, पंडल यादव, अशोक राणा, विनोद सिंह, सांसद प्रतिनिधि प्रेम प्रसाद, पूर्व सांसद प्रतिनिधि मुनेश ठाकुर, समाजसेवी मनीष ठाकुर, पूर्व जिला मंत्री रीतलाल यादव, मंडल अध्यक्ष प्रकाश कुशवाहा, शिवपाल यादव, विरेन्द्र ओझा, महामंत्री लिलो सिंह भोगता, टेकलाल यादव, रामचंद्र यादव, विजय दांगी, प्रकाश यादव, रूपदेव यादव, अशोक मेहता, सुभाष दांगी, संदीप मुंडा, सुनील राणा, उदय यादव, सहदेव यादव, राजकुमार महतो, रामकृपाल सिंह, सकलदेव प्रसाद, मोहन साहू, सागर प्रसाद, समुद्र प्रसाद, सुदर्शन रविदास, मनीष चौधरी, पवन गिरि, गंगा पाण्डेय एवं अशोक सिंह सहित कई गणमान्य एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि जनसेवक के रूप में उनका निरंतर प्रयास है कि हजारीबाग विधानसभा क्षेत्र में विकास के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक एवं मानवीय सरोकारों को भी प्राथमिकता मिले। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों के सुख-दुःख में सहभागी बनना और जरूरत के समय उनके साथ खड़ा रहना उनकी निरंतर प्रतिबद्धता है।
