हजारीबाग। कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में लगातार सक्रिय तरंग ग्रुप, हजारीबाग को दिल्ली के द्वारका में आयोजित आत्मनिर्भर दिल्ली सह ब्रजधाम महोत्सव में सम्मानित किया गया। 6 से 11 सितंबर तक आयोजित छह दिवसीय महोत्सव का आयोजन बिरसा मुंडा जनकल्याण प्रचार अभियान के तहत सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से किया गया।
महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे लघु एवं सूक्ष्म उद्यमियों ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए करीब 70 स्टॉल लगाए। इसके अलावा प्रत्येक शाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न राज्यों के कलाकारों एवं सांस्कृतिक समूहों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की विविधता को प्रदर्शित किया।
कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में तरंग ग्रुप की निरंतर सक्रियता और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों में योगदान को देखते हुए संस्था को सम्मान प्रदान किया गया। तरंग ग्रुप के निदेशक अमित कुमार गुप्ता ने आयोजन समिति की ओर से प्रदान किया गया सम्मान ग्रहण किया।
तरंग ग्रुप लंबे समय से नृत्य, संगीत, रंगमंच, लोककला, सांस्कृतिक जागरूकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से सक्रिय है। संस्था का उद्देश्य कलाकारों और नई प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने के साथ भारतीय कला एवं संस्कृति को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाना रहा है।
अमित कुमार गुप्ता ने सम्मान के लिए आयोजन समिति के प्रचार अभियान प्रमुख राजमणि कुमार एवं रामकिशोर सावंत के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि कलाकारों एवं सांस्कृतिक संस्थाओं को प्रोत्साहित कर राष्ट्रीय मंच प्रदान करना सराहनीय पहल है। ऐसे आयोजन कलाकारों को नई ऊर्जा देने के साथ देश के विभिन्न राज्यों की कला, संस्कृति और प्रतिभाओं को एक-दूसरे से जोड़ने का कार्य करते हैं।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली में मिले इस सम्मान से पूर्व 15 अगस्त 2026 को हजारीबाग में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में भी तरंग ग्रुप के निदेशक अमित कुमार गुप्ता को सम्मानित किया जा चुका है।
तरंग ग्रुप ने प्राप्त सम्मान को संस्था के सभी कलाकारों, सहयोगियों एवं शुभचिंतकों को समर्पित करते हुए कहा कि भविष्य में भी हजारीबाग की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने के लिए संस्था निरंतर कार्य करती रहेगी।
