हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक ने शनिवार, 12 सितंबर 2026 को जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन, आगामी त्योहारों में सुरक्षा व्यवस्था तथा विभिन्न मामलों में कार्रवाई को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में आगामी गणेश चतुर्दशी एवं विश्वकर्मा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
महिला अत्याचार, छेड़खानी, दुष्कर्म एवं पोक्सो से संबंधित मामलों की विशेष रूप से समीक्षा की गई। इन मामलों में लंबित कांडों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए 60 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही वर्ष 2026 से पूर्व के सभी लंबित कांडों का भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन करने को कहा गया।
बैठक में बताया गया कि अगस्त 2026 में हजारीबाग जिले के विभिन्न थानों में कुल 289 कांड दर्ज किए गए, जबकि 666 कांडों का निष्पादन किया गया। इसी अवधि में कुल 1100 वारंट एवं कुर्की प्राप्त हुए, जिनमें 1396 का निष्पादन किया गया। वहीं, 1067 पासपोर्ट प्राप्त हुए, जबकि 1137 पासपोर्ट का सत्यापन किया गया।
सभी थानों में लंबित जमानती एवं गैरजमानती वारंट, इश्तेहार तथा कुर्की-जब्ती के मामलों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
भूमि विवाद से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान के लिए प्रत्येक थाना में सप्ताह में एक दिन थाना दिवस आयोजित करने को कहा गया। इस दौरान स्थानीय अंचलाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर जमीन विवाद से संबंधित मामलों का निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा साइबर अपराध, महिला सुरक्षा एवं सड़क सुरक्षा को लेकर आम नागरिकों के बीच जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री वाले स्थानों को चिन्हित कर इसमें शामिल लोगों की पहचान करने तथा विशेष अभियान चलाकर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
संगठित अपराध गिरोह, अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों तथा साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले लोगों के खिलाफ CCA, थाना हाजिरी एवं गुंडा पंजी में कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया।
अवैध कोयला, बालू एवं पत्थर उत्खनन पर पूर्ण रोक लगाने के लिए संबंधित अंचल अधिकारियों एवं जिला खनन पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।
साइबर अपराध से संबंधित सभी लंबित कांडों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करते हुए इसमें शामिल अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश थाना प्रभारियों को दिया गया। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनका समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में पिछले 5 वर्षों के दौरान जेल से बाहर आए अपराधकर्मियों की सूची तैयार कर उनकी पहचान करने तथा उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
