हजारीबाग: बरही थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली तंबाकू उत्पाद की बिक्री की सूचना पर छापेमारी कर Action 7 Tobacco के कुल 523 पैकेट बरामद किए हैं। यह कार्रवाई बरही चौक स्थित गया रोड क्षेत्र में की गई।
हजारीबाग पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि Som Aroma Pvt Ltd कंपनी के नाम से Action 7 Tobacco की नकली बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम गठित कर बरही के गया रोड स्थित R.K. Traders में जांच की गई।
पुलिस के मुताबिक, दुकान की जांच के दौरान Action 7 Tobacco का डिब्बा मिला, जिसकी जांच में उसे नकली बताया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने एक अन्य दुकान नरेश प्रसाद स्टोर में भी जांच की। यहां से भी Action 7 Tobacco के पैकेट बरामद किए गए।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्रवाई के दौरान पीले रंग के 505 पैकेट और नीले रंग के 18 पैकेट, यानी कुल 523 पैकेट बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि बरामद पीले रंग के पैकेट पर Manufacturing और Expiry Date अंकित नहीं थी। पुलिस ने कॉपीराइट उल्लंघन की बात भी प्रेस विज्ञप्ति में कही है।
मामले में पुलिस ने R.K. Traders के संदीप सेठ और नरेश प्रसाद स्टोर के रोहित वर्णवाल का नाम प्रेस विज्ञप्ति में दिया है। आगे की कार्रवाई और जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
