हजारीबाग जिले में मोटरसाइकिल चोरी के मामलों पर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष छापामारी टीम द्वारा चोरी की मोटरसाइकिलों की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में चौपारण पुलिस ने चौपारण थाना क्षेत्र के परसासातारी भगहर में अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए छापामारी अभियान के दौरान 6 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 285 लीटर अवैध महुआ शराब भी बरामद की है।
इससे पहले करीब तीन दिन पूर्व हजारीबाग पुलिस ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 17 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की थीं। नई कार्रवाई के बाद जिले में अब तक कुल 23 चोरी की मोटरसाइकिलों की बरामदगी की गई है।
पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
