हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सदर विधानसभा अंतर्गत कटकमदाग प्रखंड क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव-2026 के तहत आयोजित नमो फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को उत्साह और खेल भावना के बीच संपन्न हुआ। पुरुष वर्ग के फाइनल में नवादा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फतहा की टीम को 2-0 से हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में जमुआरी की टीम विजेता बनी।
फाइनल मुकाबले का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने किया। मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मैच समाप्त होने के बाद मैदान में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और नाच-गाने के साथ विजेता खिलाड़ियों की जीत का जश्न मनाया।
समापन समारोह में समाजसेवी श्रद्धानंद सिंह सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने विजेता टीमों और खिलाड़ियों के बीच पुरस्कार एवं ट्रॉफी का वितरण किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में खेल की महत्वपूर्ण भूमिका है। खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का अवसर देता है।
आयोजन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का मंच मिला। आयोजकों ने कहा कि गांवों से निकलने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ी भविष्य में अपने माता-पिता, क्षेत्र और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान “नशा मुक्त हजारीबाग और नशा मुक्त भारत” का संदेश भी दिया गया।
मौके पर जिला उपाध्यक्ष श्रीमती रेणुका साहू, जिला सांसद प्रतिनिधि अजय साहू, सांसद सह-प्रतिनिधि इंद्रनारायण कुशवाहा, जिला परिषद सदस्य जीतन राम, सदर विधानसभा सांसद प्रतिनिधि किशोरी राणा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य के.पी. ओझा, मंडल अध्यक्ष विमल गुप्ता, जिला महामंत्री जय नारायण कुशवाहा, कटकमदाग सांसद प्रतिनिधि मिथिलेश यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष अरुण राणा, नमो फुटबॉल अध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि बंटी तिवारी, सचिव दीपक पंडित, उपाध्यक्ष धीरज राणा, कोषाध्यक्ष जगन्नाथ प्रजापति, मुखिया राजेश गुप्ता, पूर्व प्रमुख अशोक यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।
आयोजकों ने विजेता टीमों को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।