चरही L&T वेयरहाउस लूटकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार


हजारीबाग। चरही थाना क्षेत्र के चरही ओवरब्रिज के पास स्थित एलएंडटी कंपनी के वेयरहाउस में हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र के मायाल गांव निवासी करीब 30 वर्षीय मो. जमाल और जारियो गांव निवासी मो. नासिर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 18 और 19 जुलाई 2026 की रात अज्ञात अपराधियों ने चरही ओवरब्रिज के पास स्थित एलएंडटी कंपनी के वेयरहाउस में तैनात गार्ड को बंधक बनाकर लूट की घटना को अंजाम दिया था। घटना के संबंध में चरही थाना में मामला दर्ज किया गया था। इसके अलावा पेलावल ओपी क्षेत्र में हुई लूट की घटना को लेकर भी मामला दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विष्णुगढ़ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने अनुसंधान के दौरान कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने क्या-क्या किया बरामद?

गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने पांच की-पैड मोबाइल फोन, ACTOR कंपनी का LCD मॉनिटर और केबल वायर बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज पुराने मामलों की भी जानकारी प्रेस विज्ञप्ति में दी है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपियों का संबंध रामगढ़ जिले के रजरप्पा, रामगढ़, कुजू और सिकिदरी थाना क्षेत्रों में दर्ज कई पुराने मामलों से भी बताया गया है।

पुलिस की इस कार्रवाई में कई पदाधिकारी और पुलिसकर्मी शामिल रहे। हजारीबाग पुलिस कार्यालय की ओर से 21 अगस्त 2026 को इस संबंध में प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई।