अपराध समीक्षा बैठक में एसपी ने दिए सख्त निर्देश, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर


 हजारीबाग। पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग की अध्यक्षता में मंगलवार, 18 अगस्त 2026 को जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस निरीक्षकों एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, लंबित कांडों, वारंट-कुर्की, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, अवैध खनन और मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर दिशा-निर्देश दिए गए।

आगामी ईद-उल-मिलाद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं जिले में बेहतर कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

महिला अत्याचार, छेड़खानी, दुष्कर्म एवं पॉक्सो से संबंधित मामलों पर विशेष फोकस करते हुए लंबित कांडों में त्वरित कार्रवाई करने और सभी संबंधित मामलों का 60 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा वर्ष 2025 से पूर्व के सभी लंबित कांडों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादित करने को कहा गया।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि जुलाई 2026 में हजारीबाग जिले के विभिन्न थानों में कुल 317 कांड दर्ज हुए, जबकि 668 कांडों का निष्पादन किया गया। इस दौरान 1225 वारंट एवं कुर्की का भी निष्पादन किया गया। वहीं 1749 पासपोर्ट का निष्पादन किया गया है।

सभी थानों में लंबित जमानती एवं गैर-जमानती वारंट, इश्तेहार तथा कुर्की-जब्ती के मामलों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में प्रत्येक सप्ताह थाना दिवस आयोजित कर स्थानीय अंचलाधिकारी के साथ जमीन विवाद से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए उनके निष्पादन का निर्देश दिया गया।

बैठक में साइबर अपराध, महिला सुरक्षा एवं सड़क सुरक्षा को लेकर आम लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री वाले स्थानों को चिन्हित कर इसमें शामिल लोगों की पहचान करने और विशेष अभियान चलाकर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

संगठित अपराध गिरोहों, अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों तथा साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले लोगों के खिलाफ सीसीए, थाना हाजिरी एवं गुंडा पंजी से संबंधित प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया।

अवैध कोयला, बालू एवं पत्थर के उत्खनन पर पूर्णतः रोक लगाने के लिए संबंधित अंचल अधिकारियों एवं जिला खनन पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं साइबर अपराध से जुड़े सभी लंबित कांडों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को आम लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनने और उनका समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही पिछले पांच वर्षों में जेल से बाहर आए अपराधकर्मियों की सूची तैयार कर उनकी गतिविधियों पर नजर बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।