हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसबीएमसीएच) में पुलिस पिकेट की कार्यप्रणाली को दुरुस्त करने की मांग को लेकर सांसद मनीष जायसवाल के निर्देश पर सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने हजारीबाग एसपी अमन कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए आने वाले शवों का इंक्वेस्ट (पंचनामा) तैयार करने में हो रही देरी से परिजनों को होने वाली परेशानी से एसपी को अवगत कराया।
रंजन चौधरी ने बताया कि दूसरे थाना क्षेत्रों से शव आने के मामलों में पिकेट पुलिस द्वारा संबंधित थाना की पुलिस के आने का इंतजार कराया जाता है, जिससे परिजनों को कई बार घंटों परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने पुलिस पिकेट को सक्रिय करते हुए इंक्वेस्ट की कार्रवाई में होने वाले अनावश्यक विलंब को समाप्त करने की मांग की।
इसके साथ ही पुलिस केस से जुड़े मरीजों के बयान लेने सहित अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में हो रही देरी पर भी संज्ञान लेने का आग्रह किया गया। अस्पताल के पुलिस पिकेट में सक्रिय और संवेदनशील पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों की ड्यूटी लगाने की मांग भी रखी गई।
मुलाकात के दौरान अस्पताल परिसर में चोरी, स्नैचिंग और पॉकेटमारी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई, अव्यवस्थित ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने तथा शहर के आसपास सार्वजनिक स्थलों पर नशेड़ियों के जमावड़े पर रोक लगाने की मांग भी की गई।
एसपी अमन कुमार ने मामले को गंभीर और मानवीय संवेदना से जुड़ा बताते हुए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं, रंजन चौधरी ने उम्मीद जताई कि पुलिस पिकेट के प्रभावी संचालन से एसबीएमसीएच आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी।
