उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही दुर्घटना संभावित स्थलों को चिह्नित कर उन्हें जल्द दुरुस्त करने को कहा।
बैठक में एनएचएआई के प्रतिनिधि ने बताया कि एचएच एवं नगवां टोल प्लाजा के समीप एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। जरूरत पड़ने पर राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन नंबर 1033 पर संपर्क कर एंबुलेंस सेवा प्राप्त की जा सकती है।
इसके अलावा, राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप पेट्रोल पंप स्थापित करने के लिए एनएचएआई से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होने की जानकारी दी गई। उपायुक्त ने इस संबंध में संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे संचालित अनधिकृत पार्किंग स्थलों को हटाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई पूरी करें।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, राष्ट्रीय राजमार्ग के प्रतिनिधि सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
.jpeg)