कर्जन मैदान में शान से लहराया तिरंगा, प्रमंडलीय आयुक्त ने किया ध्वजारोहण


हजारीबाग:
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हजारीबाग के कर्जन मैदान में मुख्य समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने परेड का निरीक्षण करने के बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी। ध्वजारोहण के बाद डीएवी पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रगान की गरिमामयी प्रस्तुति दी।

इस अवसर पर पूरे समारोह स्थल पर देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का माहौल देखने को मिला। प्रमंडलीय आयुक्त ने स्वतंत्रता सेनानियों एवं झारखंड आंदोलनकारियों के त्याग और संघर्ष को नमन करते हुए पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों, परेड में शामिल जवानों, छात्र-छात्राओं, पत्रकारों तथा जिलेवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में आयुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और वीर शहीदों के बलिदान से प्राप्त आजादी हमारे लिए गौरव के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी भी है। लोकतंत्र, संविधान और राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को मजबूत करते हुए देश और राज्य के विकास में सभी को अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

विकास योजनाओं और उपलब्धियों की दी जानकारी

आयुक्त ने जिले में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत जुलाई 2026 में 2,82,631 महिला लाभुकों को सम्मान राशि का लाभ दिया गया। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत 2.43 लाख से अधिक लाभुकों को प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है, जबकि पिछले छह माह में 14,481 नए लाभुकों को सर्वजन पेंशन योजना से जोड़ा गया है।

आवास एवं सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में अबुआ आवास योजना, पीएम-जनमन तथा बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के तहत आवास निर्माण का कार्य जारी है। वहीं मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

शिक्षा के क्षेत्र में जिले के 1,520 सरकारी एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में लगभग 2.01 लाख बच्चे अध्ययनरत हैं। विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य-पुस्तक उपलब्ध कराने के साथ दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण एवं अन्य सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्नति का पहिया योजना के तहत कक्षा 8 में अध्ययनरत 17,322 छात्र-छात्राओं को निःशुल्क साइकिल उपलब्ध कराई जा रही है।

पेयजल एवं स्वच्छता के क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्र के 2.10 लाख से अधिक घरों में नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन, ओडीएफ प्लस तथा मॉडल ग्राम विकसित करने की दिशा में भी कार्य जारी है।

कृषि एवं आजीविका के क्षेत्र में कृषक पाठशालाओं, अनुदानित बीज वितरण, फलो-झानो आशीर्वाद योजना और पशुधन विकास योजनाओं के माध्यम से किसानों एवं ग्रामीण परिवारों को सहायता दी जा रही है। फलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत 1,416 लाभुकों को वैकल्पिक आजीविका के लिए आर्थिक सहायता दी गई है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में नियमित टीकाकरण, ई-संजीवनी टेली-कंसल्टेशन, जननी सुरक्षा योजना, आयुष्मान आरोग्य केंद्र एवं स्वास्थ्य जांच जैसी सेवाओं का विस्तार किया गया है। आयुष्मान एवं अबुआ स्वास्थ्य कार्ड बनाने के साथ गंभीर बीमारी से पीड़ित लाभुकों को मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना के तहत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद सैनिकों के आश्रित सम्मानित

मुख्य समारोह के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में रामदुलारी देवी, हीरा रानी, कलावती देवी एवं बेला देवी शामिल रहीं।

इसके अलावा देश की रक्षा में शहीद हुए सैनिकों के आश्रितों को भी सम्मानित किया गया। इनमें हरजीत कौर बक्शी, सरस्वती देवी, शांति देवी, बिरसी देवी, एतवारी देवी एवं पूनम बारला शामिल हैं। आयुक्त ने सभी को सम्मानित करते हुए राष्ट्र के प्रति उनके परिवारों के त्याग और योगदान को नमन किया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारी और कर्मी सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में जिले में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले विभिन्न व्यक्तियों, पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। बरही बैंक डकैती मामले का त्वरित पर्दाफाश करने के लिए पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग एवं उनकी टीम को भी उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।

आयुक्त ने कहा कि ईमानदारी, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों का सम्मान अन्य लोगों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है।

आयुक्त आवासीय कार्यालय में भी हुआ ध्वजारोहण

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रमंडलीय आयुक्त ने आयुक्त आवासीय कार्यालय एवं प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय परिसर में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी। उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

मुख्य समारोह में उपमहानिरीक्षक, हजारीबाग, उपायुक्त हजारीबाग, पुलिस अधीक्षक हजारीबाग, उप विकास आयुक्त, सार्जेंट मेजर सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।