हजारीबाग में BJP के राज्यव्यापी बंद का असर, छात्रों के समर्थन में सड़कों पर उतरे नेता-कार्यकर्ता


जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक के आरोप और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी द्वारा मंगलवार को आहूत राज्यव्यापी बंद का हजारीबाग में व्यापक असर देखने को मिला।

बंद को सफल बनाने के लिए हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर डटे रहे। कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों और आम लोगों से बंद में सहयोग की अपील की और छात्रों के समर्थन में नारे लगाए।

हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि छात्रों के लोकतांत्रिक आंदोलन को लाठी के बल पर दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवा अपने अधिकार और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। सरकार को छात्रों की आवाज सुनकर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।

विधायक ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र वर्षों तक मेहनत करते हैं। यदि परीक्षा और नियुक्ति प्रक्रिया में अनियमितता के आरोप सामने आते हैं, तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों के साथ खड़ी है और उनकी न्याय की लड़ाई को सड़क से सदन तक मजबूती से उठाया जाएगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने कहा कि राज्य के छात्र और युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्ष भर्ती युवाओं का अधिकार है। उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।

बंद के दौरान भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता शहर के अलग-अलग प्रमुख चौक-चौराहों पर मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने कहा कि यह बंद केवल राजनीतिक विरोध का कार्यक्रम नहीं, बल्कि राज्य के लाखों छात्र-युवाओं के भविष्य और उनके अधिकारों से जुड़ा मुद्दा है।

भाजपा ने “छात्रों के सम्मान में भाजपा मैदान में” के संकल्प के साथ युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाने की बात कही।