दीपूगढ़ा के मनोकामना नाथ मंदिर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 75 लोगों की हुई जांच

 


दीपूगढ़ा स्थित मनोकामना नाथ मंदिर परिसर में मंगलवार को एचजेडबी आरोग्यम कुणाल महिला एवं शिशु अस्पताल के सौजन्य से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 75 लोगों ने स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया। शिविर में महिलाओं के साथ पुरुषों ने भी बड़ी संख्या में पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। शिविर के दौरान मरीजों की प्राथमिक स्वास्थ्य जांच के तहत रक्तचाप और रक्त शर्करा की जांच की गई। इसके बाद चिकित्सकों ने मरीजों से उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी लेकर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी। जांच के दौरान जिन मरीजों को दवाओं की आवश्यकता थी, उन्हें शिविर में ही निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं।

शिविर में प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. एस. कुमारी तथा सामान्य चिकित्सक डॉ. पल्लवी ने अपनी सेवाएं दीं। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच करने के साथ उन्हें खान-पान में सावधानी बरतने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी स्वास्थ्य समस्या को लंबे समय तक टालने के बजाय समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेना जरूरी है।

अस्पताल के निर्देशक हर्ष अजमेरा ने कहा कि समाज के हर वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना अस्पताल की प्राथमिकता है। ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से लोगों को अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की प्रारंभिक जानकारी मिलने के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों से उचित परामर्श भी प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी जरूरत के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। अस्पताल की प्रशासक जया सिंह ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है। कई बीमारियों की शुरुआत सामान्य लक्षणों से होती है, जिन्हें लोग अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को जांच के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का भी प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को समय पर जांच और सही चिकित्सकीय सलाह उपलब्ध कराना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। स्वास्थ्य शिविर का आयोजन मनोकामना नाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजय कुमार सिंह एवं सचिव उगेश्वर प्रसाद के सहयोग से किया गया। समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिविर में स्वास्थ्य जांच कराने पहुंचे लोगों ने निःशुल्क जांच, चिकित्सकीय परामर्श और दवा उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की। लोगों ने कहा कि मंदिर परिसर में इस तरह के शिविर लगने से आसपास के लोगों को आसानी से स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने की इच्छा जताई।