हजारीबाग में 30 अगस्त को सजेगा पंचम श्री श्याम मनुहार महोत्सव, भजनों से गूंजेगा अग्रसेन भवन


हजारीबाग। बाबा श्याम की भक्ति और आस्था से जुड़ा पंचम श्री श्याम मनुहार महोत्सव आगामी 30 अगस्त, रविवार को मालवीय मार्ग स्थित अग्रसेन भवन में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। श्री श्याम अरदास कीर्तन परिवार के तत्वावधान में होने वाले इस महोत्सव को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 2:15 बजे बाबा श्याम की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ होगा। पूजा-अर्चना राणी सती मंदिर के प्रधान पुजारी शशिकांत मिश्रा द्वारा कराई जाएगी। इस अवसर पर बाबा श्याम की भव्य ज्योत के साथ आकर्षक दरबार सजाया जाएगा।

महोत्सव में देश के प्रसिद्ध भजन गायक अभिषेक नामा, जयपुर, आदर्श दाधीच, कटिहार और दीपांशु अग्रवाल, जयपुर अपनी मधुर आवाज में बाबा श्याम के भजनों की प्रस्तुति देंगे। इनके साथ स्थानीय कलाकार भी भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर श्याम भक्तों को भावविभोर करेंगे। भजनों, संकीर्तन और बाबा श्याम के जयकारों से पूरा अग्रसेन भवन भक्तिमय वातावरण में सराबोर होगा।

आयोजन में श्री श्याम अरदास कीर्तन परिवार, रामगढ़ कैंट का विशेष सहयोग रहेगा, जबकि श्री श्याम परिवार तुलसीधाम, कोलकाता का पावन आशीर्वाद प्राप्त होगा। आयोजन से पूर्व आयोजक मंडली द्वारा गौशाला में गौ माता की सेवा भी की जाएगी।

महोत्सव का सीधा प्रसारण 35 एमएम के माध्यम से भी देखा जा सकेगा, जिससे दूर रहने वाले श्याम भक्त इस भक्तिमय आयोजन से जुड़ सकेंगे।

श्री श्याम अरदास कीर्तन परिवार की नौ सदस्यीय टोली पिछले पांच वर्षों से बाबा श्याम की भक्ति और सेवा में समर्पित होकर इस महोत्सव का आयोजन करती आ रही है। आयोजकों के अनुसार बाबा श्याम का दरबार सजाना उनके लिए सेवा और सौभाग्य का विषय है। आयोजन की प्रेरणा और सफलता बाबा श्याम की असीम कृपा से ही संभव होती है।

आयोजन समिति ने हजारीबाग एवं आसपास के सभी श्याम भक्तों और श्रद्धालुओं से 30 अगस्त को दोपहर 2:15 बजे अग्रसेन भवन पहुंचकर पंचम श्री श्याम मनुहार महोत्सव में सहभागी बनने का आग्रह किया है।