हजारीबाग। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तरंग ग्रुप, हजारीबाग की ओर से सावंत इंटर कॉलेज, रिश्ता प्लास्टिक, जनजागरण, लायंस क्लब ऑफ हजारीबाग रोरिंग, केंद्र, थारुनिका बुटिक एवं आश्रय फाउंडेशन के सहयोग से भव्य सांस्कृतिक संध्या ‘एक शाम आज़ादी के नाम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति, कला, संस्कृति और सामाजिक जागरूकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् गीत से हुई, जिसके बाद राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। इस दौरान करीब 22 कला दलों एवं संस्थानों ने देशभक्ति गीतों पर नृत्य, समूहगान और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
अपने संबोधन में सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि आजादी अनगिनत वीरों के त्याग, तपस्या और बलिदान से मिली है। देशभक्ति केवल 15 अगस्त और 26 जनवरी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन और समाज व राष्ट्र के विकास में योगदान देना ही सच्ची देशभक्ति है। उन्होंने तरंग ग्रुप द्वारा कला एवं संस्कृति के माध्यम से युवाओं और बच्चों में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाने के प्रयास की सराहना की।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण नशा मुक्ति और भोजन की बर्बादी जैसे गंभीर सामाजिक विषयों पर आधारित नृत्य-नाटिका रही। कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय एवं नृत्य के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने तथा भोजन का सम्मान करते हुए उसकी बर्बादी रोकने का संदेश दिया। सांसद ने इन प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए युवाओं से अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, कला और राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में रागेश्री म्यूज़िकल अकादमी, बी.टी. डांस स्टूडियो, डांस पैराडाइज, शिव संगीत महाविद्यालय, यूनिवर्सल डांस अकादमी, सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स, नृत्य वाटिका डांस अकादमी, आर्ट एंड कल्चरल ट्रस्ट, श्री मां संगीतायन, तरंग ग्रुप हजारीबाग, क्रिएटिव डांस स्टूडियो, सावंत इंटर कॉलेज, शर्मिष्ठा डांस अकादमी, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स, के.बी. महिला महाविद्यालय, नैना डांस एंड ड्रामेटिक अकादमी, पुष्प दीप संगीत संस्थान एवं हिप हॉप डांस अकादमी सहित विभिन्न कला दलों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर वीर शहीद रघुवीर प्रसाद मेहता की धर्मपत्नी श्रीमती शांति देवी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वहीं समाज एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सोमा डे अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, निर्मल जैन, डॉ. अमला राणा, संजय कुमार सिंह एवं जे.पी. जैन सहित अन्य लोगों को भी सम्मान प्रदान किया गया। सभी प्रतिभागियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में सावंत इंटर कॉलेज के निदेशक रामकिशोर सावंत, आर्ट एंड कल्चरल ट्रस्ट के सचिव प्रदीप पाठक, सदर कला-संस्कृति विधायक प्रतिनिधि सुबोध सिन्हा, राजीव रंजन मिश्रा, डॉ. भैया असीम, शैलेंद्र यादव, राकेश गुप्ता, हंसराज लोहरा, दीपक पसरीचा, अजय साव, विजय दुबे एवं बबलू सिन्हा उपस्थित रहे। मंच संचालन संजय तिवारी ने किया।
तरंग ग्रुप, हजारीबाग के निदेशक अमित कुमार गुप्ता ने कहा कि ‘एक शाम आज़ादी के नाम’ केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को देशभक्ति, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि हजारीबाग में कला एवं संस्कृति की प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और तरंग ग्रुप आगे भी युवा प्रतिभाओं को मंच देने के साथ सामाजिक जागरूकता तथा कला-संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए ऐसे आयोजन करता रहेगा।
कार्यक्रम की सफलता में तरंग ग्रुप के अध्यक्ष पंकज सिन्हा, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार सहित संस्था के सदस्य अनीता कुमारी, काजल कुमारी, ऋषि सिंह, अगस्त्य कुमार, महेश कुमार, मेघा एवं लक्ष्मी की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम ने स्थानीय कलाकारों को मंच देने के साथ समाज को नशा मुक्ति, अन्न संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
