सदर प्रखंड के ग्राम नगवां निवासी स्वर्गीय मंटू मेहता के सुपुत्र संजीत कुमार ने NEET परीक्षा में राज्य में द्वितीय स्थान प्राप्त कर पूरे हजारीबाग एवं राज्य का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद मंगलवार को उनके आवास पहुँचे और उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। विधायक ने संजीत की माताजी एवं परिजनों को भी इस सफलता पर शुभकामनाएँ देते हुए उनके संघर्ष और समर्पण की सराहना की।
इस अवसर पर विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि संजीत कुमार की सफलता यह सिद्ध करती है कि प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती। कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर सीमित संसाधनों में भी बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि वर्षों पूर्व संजीत के सिर से पिता का साया उठ गया था, लेकिन उनकी माताजी ने अथक संघर्ष, त्याग और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ उनका पालन-पोषण किया। आज संजीत की यह सफलता उनकी माताजी के अथक परिश्रम और संस्कारों का भी प्रतिफल है।
विधायक ने कहा कि गाँव, खेत और खलिहान से निकलने वाले युवा आज अपनी प्रतिभा के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। संजीत कुमार की यह उपलब्धि पूरे समाज और विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसे पाने का संकल्प दृढ़ हो, तो कोई भी कठिनाई सफलता के मार्ग में बाधा नहीं बन सकती।
प्रदीप प्रसाद ने संजीत कुमार के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे एक सफल एवं संवेदनशील चिकित्सक बनकर समाज और राष्ट्र की सेवा करेंगे तथा भविष्य में भी अपने परिवार, हजारीबाग और राज्य का नाम रोशन करते रहेंगे।
.jpeg)