उद्योग विभाग की समीक्षा बैठक में उपायुक्त हेमन्त सती के निर्देश, स्वरोजगार योजनाओं और माइक्रो CFC कार्यों में तेजी लाने पर जोर

 


उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में उद्योग विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न औद्योगिक एवं स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्यमंत्री लघु कुटीर बोर्ड के तहत निर्माणाधीन माइक्रो कॉमन फैसिलिटी सेंटर (Micro CFC) के निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने उप विकास आयुक्त को निर्देश दिया कि वे मुख्यमंत्री लघु कुटीर बोर्ड के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी के साथ बैठक कर JIIDCO द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करें तथा आ रही बाधाओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।

हाल ही में आयोजित हैंडक्राफ्ट मेला ‘शिल्पोत्सव’ की सफलता पर उपायुक्त ने मुख्यमंत्री लघु कुटीर बोर्ड एवं जिला उद्योग केंद्र की टीम की सराहना की। साथ ही आगामी हस्तशिल्प मेले की तैयारियां अभी से शुरू करने तथा जिले के कारीगरों के साथ बैठक कर आयोजन की तिथि एवं समय निर्धारित करने का निर्देश दिया।

बैठक में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने, बैंकों की कार्यप्रणाली में सुधार लाने तथा पात्र लाभुकों को समय पर योजना का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार के इच्छुक योग्य युवाओं को बैंक ऋण उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

इसके अलावा, आगामी 26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाली झांकी में मुख्यमंत्री लघु कुटीर बोर्ड की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि जिले के हस्तशिल्प एवं कुटीर उद्योगों की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जा सके।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह, प्रशिक्षु आईएएस सुश्री पूर्वा अग्रवाल, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, मुख्यमंत्री लघु कुटीर बोर्ड के प्रतिनिधि तथा विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक उपस्थित रहे।