हजारीबाग: झारखंड पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर हजारीबाग पुलिस ने CEIR (Central Equipment Identity Register) Portal के माध्यम से गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी अभियान में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर पिछले दो माह के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 139 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को वापस सौंप दिया गया।
महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखंड, रांची के निर्देशानुसार शनिवार को पुलिस कार्यालय, हजारीबाग में एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को विधिवत सुपुर्द किए गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने हजारीबाग पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) अमित कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक दीपक कुमार (साइबर थाना), पुलिस अवर निरीक्षक बिंदेश्वरी महतो (मुफस्सिल थाना) सहित तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
हजारीबाग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा निकटतम थाना या साइबर थाना से संपर्क करें, ताकि मोबाइल की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित की जा सके।
