कारगिल विजय दिवस पर विधायक प्रदीप प्रसाद ने अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, कहा— वीर जवानों का बलिदान सदैव रहेगा प्रेरणास्रोत


हजारीबाग:
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने शहर स्थित शहीद स्मारक परिसर पहुंचकर देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सादर नमन किया। इस दौरान उन्होंने वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए उनके बलिदान को देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि कारगिल विजय दिवस पूरे देश के लिए गर्व, श्रद्धा और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत एक भावनात्मक अवसर है। यह दिन भारतीय सेना के उन वीर जवानों की शौर्यगाथा का स्मरण कराता है, जिन्होंने कारगिल की दुर्गम और बर्फीली चोटियों पर विषम परिस्थितियों में अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा की।

उन्होंने कहा कि देश की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के लिए भारतीय सेना के जवानों ने अपने प्राणों की आहुति देने में भी संकोच नहीं किया। कारगिल युद्ध में वीर सैनिकों द्वारा प्रदर्शित साहस और सर्वोच्च बलिदान राष्ट्र के इतिहास में सदैव स्वर्णिम अक्षरों में अंकित रहेगा। उनका त्याग आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा, समर्पण और मातृभूमि के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन की प्रेरणा देता रहेगा।

इस अवसर पर भगवा ध्वज समिति द्वारा आयोजित श्रद्धांजलि एवं हवन कार्यक्रम में भी विधायक प्रदीप प्रसाद शामिल हुए और अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों के प्रति देश सदैव कृतज्ञ रहेगा और उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

कार्यक्रम में भगवा ध्वज समिति के अध्यक्ष अनूप भाई वर्मा, उपाध्यक्ष नवीन सिंह, सचिव प्रमोद वर्मा, कोषाध्यक्ष अजीत भास्कर, संजू कुमार, प्रतीमा देवी, ममता देवी, बबिता देवी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।