जनता दरबार में उपायुक्त हेमन्त सती ने सुनीं लोगों की समस्याएं, समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश

 


हजारीबाग: उपायुक्त हेमन्त सती ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी व्यक्तिगत एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों को लेकर आवेदन सौंपे।

जनता दरबार में भूमि विवाद, म्यूटेशन, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, मंईया सम्मान योजना, पारिवारिक विवाद, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ से संबंधित शिकायतें, मुआवजा भुगतान, रोजगार, भूमिदान एवं खासमहल भूमि संबंधी मामले, पीसीसी पथ निर्माण, ऑनलाइन रसीद निर्गतिकरण, वन पट्टा, प्रतिबंधित भूमि तथा सड़क एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े आवेदन प्रमुख रूप से प्राप्त हुए।

उपायुक्त हेमन्त सती ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को प्रत्येक मामले की नियमानुसार जांच कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि आम नागरिकों को समय पर न्याय और राहत मिल सके।

जनता दरबार के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को अग्रसारित कर दिया गया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा उनकी प्रगति की नियमित समीक्षा भी की जाए।