पेपर लीक और नियुक्ति में धांधली के विरोध में आदर्श युवा संगठन का प्रदर्शन, सड़क से सदन तक आंदोलन की चेतावनी


 इचाक प्रखंड के पुराना कालीमंडा में आदर्श युवा संगठन के सदस्यों ने झारखंड सरकार के खिलाफ सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। संगठन ने जेपीएससी, जेएसएससी समेत अन्य नियुक्ति परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, सीट बेचने और अभ्यर्थियों के साथ धोखाधड़ी का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि नियुक्ति प्रक्रियाओं में कथित धांधली पर रोक नहीं लगी, तो वे सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेंगे।

संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष गौतम कुमार ने कहा कि राज्य के युवा अब जागरूक हो चुके हैं और छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों को यह भ्रम छोड़ देना चाहिए कि वे युवाओं के साथ धोखा कर सकते हैं।

वहीं प्रो. राजेंद्र यादव ने कहा कि यदि नियुक्ति प्रक्रिया में गलत तरीके से शिक्षकों की बहाली होती है, तो इसका सीधा असर लाखों विद्यार्थियों के भविष्य पर पड़ेगा। जिला अध्यक्ष रूपेश कुमार ने आरोप लगाया कि अब तक बनी सभी सरकारों ने झारखंड के युवाओं के साथ छलावा किया है। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ धोखा करने वालों को जनता सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।

इस प्रदर्शन में संगठन के महामंत्री रंजीत कुमार, उपाध्यक्ष मुकेश कुमार, प्रखंड अध्यक्ष रंजीत कुमार, ब्रजेश कुमार, गजेंद्र प्रजापति, मनीष कुमार, नीलम कुमारी, कमल कुमार, रवि यादव, अनिल कुमार, शंकर कुमार सहित दर्जनों युवाओं ने भाग लेकर विरोध दर्ज कराया।