बीएसएनएल दूरसंचार सलाहकार समिति में हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के पांच सदस्य नामित


 हजारीबाग। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल की अनुशंसा पर पांच व्यक्तियों को बीएसएनएल दूरसंचार सलाहकार समिति (टेलीकॉम एडवाइजरी कमिटी-टीएसी) का सदस्य नामित करने की स्वीकृति प्रदान की है। इस संबंध में केंद्रीय संचार मंत्रालय की ओर से 27 जुलाई 2026 को आधिकारिक पत्र जारी किया गया।

मंत्रालय द्वारा जारी पत्र के अनुसार सांसद मनीष जायसवाल ने अपने लोकसभा क्षेत्र से योग्य एवं सक्रिय व्यक्तियों के नाम समिति के लिए अनुशंसित किए थे। विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप उनकी अनुशंसा पर पांच सदस्यों का चयन कर उन्हें बीएसएनएल दूरसंचार सलाहकार समिति (टीएसी) का सदस्य नामित किया गया है।

समिति में नामित सदस्यों में रामगढ़ जिले के भुरकुंडा मंडल निवासी योगेश कुमार दांगी, घाटो मंडल निवासी रणधीर कुमार सिंह तथा हजारीबाग जिले के चौपारण मंडल निवासी राजेंद्र कुमार चंद्रवंशी (सिंह), पदमा मंडल निवासी सुरेंद्र प्रसाद करौंच और केरेडारी मंडल निवासी महेंद्र कुमार सिंह शामिल हैं।

इस अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल ने सभी नव-नामित सदस्यों को शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे दूरसंचार सेवाओं से जुड़े जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से समिति के समक्ष उठाएंगे तथा बीएसएनएल की सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनोपयोगी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।