झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की जिला समिति की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को जिला परिषद सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संजीव बेदिया ने की, जबकि संचालन जिला सचिव नीलकंठ महतो ने किया। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, विभिन्न मोर्चों के गठन तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जिले के सभी प्रखंड अध्यक्षों, पदाधिकारियों एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान प्रखंड स्तर पर संगठन विस्तार में आ रही चुनौतियों और समस्याओं की समीक्षा की गई। प्रखंड अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति से जिला नेतृत्व को अवगत कराया, जिस पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही संगठन को और अधिक सक्रिय एवं जनसरोकारों से जोड़ने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष संजीव बेदिया ने कहा कि झामुमो की ताकत उसकी जमीनी पकड़ और कार्यकर्ताओं की सक्रियता है। उन्होंने कहा कि पार्टी को आगामी दिनों में और अधिक मजबूत बनाने के लिए बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार किया जाएगा। इसके लिए युवा मोर्चा, महिला मोर्चा एवं अल्पसंख्यक मोर्चा का गठन प्रत्येक बूथ तक सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा, "झामुमो की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने के लिए मजबूत बूथ संरचना आवश्यक है। संगठन जितना मजबूत होगा, जनता की आवाज उतनी प्रभावी ढंग से सरकार और पार्टी मंच तक पहुंचेगी। सभी कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार के अभियान में सक्रिय भूमिका निभानी होगी।"
बैठक के दौरान अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष पद के लिए मो. यासीन खान के नाम का प्रस्ताव रखा गया। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से इस प्रस्ताव का समर्थन किया और मो. यासीन खान को अल्पसंख्यक मोर्चा का जिला अध्यक्ष मनोनीत करने की अनुशंसा पारित की।
जिला सचिव नीलकंठ महतो ने कहा कि संगठन की मजबूती ही झामुमो की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि जिला समिति द्वारा लिए गए निर्णयों को जल्द ही जमीनी स्तर पर लागू किया जाएगा और प्रत्येक प्रखंड में संगठन विस्तार अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा, "बैठक में प्राप्त सुझावों और समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया गया है। हमारा लक्ष्य है कि संगठन की इकाइयां बूथ स्तर तक पूरी तरह सक्रिय रहें। पार्टी कार्यकर्ताओं को नियमित रूप से प्रशिक्षण, संवाद और जनसंपर्क कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा ताकि संगठन और अधिक प्रभावी बन सके।"
केंद्रीय सदस्य सुनील शर्मा ने कार्यकर्ताओं मे जोश भरते हुए आगामी पंचायत चुनाव मे भी ज्यादा से ज्यादा भागीदारी निभाने की अपील की।
बैठक में पार्टी की सदस्यता अभियान, संगठनात्मक मजबूती, विभिन्न मोर्चों के गठन तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। उपस्थित नेताओं ने संगठन को मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस बैठक मे झामुमो के केंद्रीय सदस्य गौरव पटेल, सुनील शर्मा, यासीन खान, राजा मोहम्मद, जिला प्रवक्ता कुणाल यादव, सत्येंद्र मेहता, प्रखंड अध्यक्ष लखन लाल महतो, राजेश मेहता, कपिलदेव चौधरी, देवानंद कुमार, रवि सिंह, संजय सिंह, सूलेंद्र बांडों, उज्ज्वल सिंह, नाजिर अहमद, बिनेश पासवान, दीप नारायण महतो, सलीम अंसारी, कुदुस अंसारी, नगर अध्यक्ष नवीन प्रकाश, नगर सचिव निसार अहमद, प्रखंड सचिव जय प्रकाश केशरी, संजय प्रजापति, राजकुमार दास, बीरबल मेहता, नारायण दास, आनंद मरांडी, विक्की धवन, महिला नेत्री श्वेता दुबे, अब्दुल्ला खान, श्रीनाथ महतो समेत कई अन्य पार्टी के पदाधिकारी उपस्थित थे।
