हजारीबाग, 11 जुलाई: 'हो एंटरटेनमेंट' संस्था के सदस्यों ने शनिवार को हजारीबाग के मेयर अरविंद कुमार राणा से शिष्टाचार मुलाकात कर शहर के प्रमुख स्थलों, सड़कों और खेल मैदानों का नाम देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं खेल विभूतियों के नाम पर रखने की मांग की।
संस्था की ओर से चंदन सिंह, रोहित वर्मा सहित अन्य प्रतिनिधियों ने मेयर से आग्रह किया कि हॉलीक्रॉस रोड का नाम बदलकर 'शहीद करमजीत सिंह बक्शी रोड' रखा जाए तथा इस नाम को गूगल मैप पर भी अपडेट कराया जाए।
इसके अलावा संस्था ने शहर के प्रमुख खेल मैदानों के नाम बदलने का भी प्रस्ताव रखा। मांग की गई कि संत कोलंबस कॉलेज मैदान का नाम 'मेजर ध्यानचंद स्टेडियम' तथा मिशन ग्राउंड का नाम 'मंगल पांडेय–नादिर अली मैदान' किया जाए।
संस्था के सदस्यों का कहना है कि महान स्वतंत्रता सेनानियों और खेल विभूतियों के नाम पर सार्वजनिक स्थलों का नामकरण होने से नई पीढ़ी उनके त्याग, बलिदान और देश के प्रति समर्पण से प्रेरणा ले सकेगी।
मेयर अरविंद कुमार राणा ने संस्था के सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और कहा कि प्रस्तावों पर नियमानुसार विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान संस्था के सदस्यों ने आगामी कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शहीद स्मारक पर भव्य कार्यक्रम आयोजित करने तथा प्रातःकाल शोभा यात्रा निकालने के प्रस्ताव से भी मेयर को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया।
