हजारीबाग: हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र की सड़क अवसंरचना को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सांसद मनीष जायसवाल ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने सड़क सुरक्षा, बेहतर कनेक्टिविटी और लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने का आग्रह किया।
बैठक में सांसद ने एनएच-33 पर चुटुपालु घाटी, चौपारण–बाराचट्टी मार्ग के दनुवा-बनुवा तथा चरही घाटी के ब्लैक स्पॉट्स के स्थायी समाधान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इस पर केंद्रीय मंत्री ने बताया कि फिलहाल अस्थायी सुरक्षा कार्य जारी हैं और स्थायी समाधान को मंजूरी मिलने के बाद जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
सांसद ने चरही के घाटो मोड़ पर लंबे समय से प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण का मामला भी उठाया। इस पर नितिन गडकरी ने संबंधित विभाग को तत्काल डीपीआर (विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन) तैयार करने का निर्देश दिया।
मनीष जायसवाल ने कारगिल पेट्रोल पंप से बड़कागांव, केरेडारी, टंडवा, कल्याणपुर, पिपरवार, डकरा और खलारी होते हुए बिजूपाड़ा तक जाने वाले राज्य राजमार्ग-7 को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की मांग भी रखी। उनका कहना था कि इससे औद्योगिक और कोयला क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
बैठक में हजारीबाग रिंग रोड परियोजना पर भी चर्चा हुई। करीब 26 किलोमीटर लंबी इस परियोजना के तहत एनएच-522 को सिलवार से बाईपास करते हुए कटकमसांडी रोड पार कर सलगा गांव तक जोड़ने का प्रस्ताव है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि यह प्रस्ताव फिलहाल राज्य सरकार के स्तर पर लंबित है और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होते ही इसे आगे बढ़ाया जाएगा। रिंग रोड बनने से शहर में भारी वाहनों का दबाव कम होगा और यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा।
इसके अलावा एनएच-522 पर सलगा से चतरा तक प्रस्तावित सड़क परियोजना की भी समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री ने इस परियोजना के लिए भी संबंधित विभाग को डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया।
मुलाकात के बाद सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में आधुनिक सड़क नेटवर्क, सुरक्षित आवागमन और बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से क्षेत्र की सभी महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को शीघ्र गति मिलेगी, जिससे विकास को नया आयाम मिलेगा।
