हजारीबाग उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में नीति आयोग एवं यूनाइटेड फंड से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में आकांक्षी प्रखंडों में स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, पेयजल, स्वच्छता, पशुपालन, भारतनेट कनेक्टिविटी और सड़क निर्माण समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एनसीडी स्क्रीनिंग बढ़ाने, आईसीडीएस के लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, कम वजन वाले बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच तथा मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप सहित सभी स्वास्थ्य जांच के आंकड़ों की शत-प्रतिशत ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं शिक्षा विभाग को यू-डाइस के आंकड़े अद्यतन और त्रुटिरहित रखने तथा संबंधित अधिकारियों को अगली समीक्षा बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने को कहा।
बैठक में आधारभूत संरचना के विकास हेतु उपलब्ध निधियों के प्रभावी उपयोग, हर घर नल योजना में तेजी लाने तथा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने चौपारण प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सोहरा सहित विभिन्न योजनाओं के निरीक्षण के लिए एस्पिरेशनल ब्लॉक फेलो को भी निर्देशित किया।
साथ ही विभिन्न तकनीकी विभागों के अभियंताओं को पीसीसी सड़क, बोरिंग, विद्यालय चहारदीवारी, किचन शेड सहित सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा कार्यस्थलों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
