दिव्यांग बच्चों के साथ मनाया जन्मदिन, जरूरत की सामग्री भेंट कर बांटी खुशियां


 हजारीबाग: जन्मदिन को समाज सेवा से जोड़ते हुए हजारीबाग यूथ विंग के अध्यक्ष एवं हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल के सुपुत्र करण जायसवाल ने अपना जन्मदिन हुरहुरू स्थित दिव्यांग एवं विकलांग विद्यालय के बच्चों के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने संस्था के सदस्यों के साथ बच्चों के बीच खुशियां बांटी और विद्यालय को उपयोगी सामग्री भेंट की।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने "हैप्पी बर्थडे करण भैया" गाकर उनका आत्मीय स्वागत किया। तालियों की गूंज, बच्चों के गीत और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच करण जायसवाल ने बच्चों के साथ केक काटा तथा अपने हाथों से उन्हें केक खिलाकर उनके साथ यादगार पल बिताए।

इस अवसर पर विद्यालय को इनवर्टर-बैटरी, दो स्टील ड्रम, एक कुकर एवं एक बेड प्रदान किया गया। वहीं बच्चों के बीच कॉपी, पेंसिल, रबर, चिप्स, जूस, ट्रॉफी एवं अन्य खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। इन सामग्रियों से विद्यालय की दैनिक व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में करण जायसवाल की धर्मपत्नी अवंतिका जायसवाल भी मौजूद रहीं। उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें स्नेह एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में बच्चों एवं उपस्थित लोगों ने सामूहिक तस्वीर खिंचवाकर इस विशेष दिन को यादगार बनाया।

इसके बाद हजारीबाग यूथ विंग के संरक्षक, पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विद्यालय का अनौपचारिक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय की आवश्यकताओं की जानकारी लेते हुए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया।

संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने कहा कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसर तभी सार्थक होते हैं, जब उनकी खुशियां समाज के उन लोगों तक पहुंचें जिन्हें इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग सामाजिक दायित्वों को प्राथमिकता देते हुए सेवा कार्यों को आगे भी जारी रखेगा।

वहीं करण जायसवाल ने कहा कि जन्मदिन केवल व्यक्तिगत खुशी का अवसर नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद लोगों के साथ खुशियां साझा करने का भी दिन है। दिव्यांग बच्चों के बीच बिताया गया समय उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और बच्चों के चेहरे की मुस्कान ही उनके जन्मदिन का सबसे अनमोल उपहार है।

मौके पर संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन, अध्यक्ष करण जायसवाल, अवंतिका जायसवाल, उपाध्यक्ष विकास तिवारी, सचिव रितेश खंडेलवाल, संस्था के मार्गदर्शक जय प्रकाश खंडेलवाल, विकाश केशरी, डॉक्टर बी. वेंकटेश, संजय कुमार, कार्यकारिणी सदस्य सत्यनारायण सिंह, सनी देव, सेजल सिंह, खुशी कुमारी, प्रज्ञा कुमारी, रंजन चौधरी, विद्यालय के इंचार्ज मनीष सिन्हा, कुश पांडे, प्रिंस कसेरा, पवन गुप्ता, विक्रम आदित्य सहित कई लोग उपस्थित थे।