हजारीबाग के अंबेडकर छात्रावास में बुधवार को युवा कांग्रेस द्वारा आयोजित 'गूंज' कार्यक्रम में पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मो. जाबीर ने की।
कार्यक्रम में विधायक दल के उपनेता एवं हजारीबाग लोकसभा प्रभारी राजेश कच्छप मुख्य अतिथि, जबकि जिला प्रभारी राजीव रंजन प्रसाद और जिला अध्यक्ष जय प्रकाश भाई पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई।
इस दौरान संविधान, सामाजिक न्याय, शिक्षा, रोजगार और युवाओं की भागीदारी को मजबूत बनाने पर चर्चा हुई। अपने संबोधन में मुन्ना सिंह ने कहा कि देश का युवा बेहतर शिक्षा, रोजगार और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक के मामलों ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने और छात्रों के हितों की रक्षा की मांग की।
मुन्ना सिंह ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक के खिलाफ शुरू हुआ आंदोलन अब राष्ट्रीय स्तर पर पहुंच चुका है। उन्होंने संसद मार्च के दौरान प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार छात्रों, युवाओं और संविधान की रक्षा के मुद्दों को उठा रहे हैं तथा पेपर लीक मामलों पर सरकार से जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। साथ ही सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज और शांतिपूर्ण संवाद का सम्मान होना चाहिए।
मुन्ना सिंह ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान का उल्लेख करते हुए युवाओं से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अंबा प्रसाद, प्रदेश उपाध्यक्ष भीम राम, नवीन जॉर्ज, अशोक देव, परवेज अहमद, शाजिद अली खान, कोमल कुमारी, डॉ. ओमप्रकाश, तस्लीम अंसारी, मनोज नारायण भगत, कृष्ण किशोर प्रसाद, रौकी सिन्हा, मो. वारिस, निशार अहमद, गुलाम मुस्तफा, मो. सागर, नवीन, शारदा रंजन दुबे, जिला उपाध्यक्ष बाबर अंसारी, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अभिषेक राज, युवा कांग्रेस जिला प्रभारी सुंदरम जायसवाल, सह प्रभारी गुलाम मुस्तफा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
