हजारीबाग में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़, एक बदमाश घायल, दूसरा गिरफ्तार

 


हजारीबाग: जिले के केरेडारी और टंडवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और राहुल दुबे गैंग के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंग का एक सदस्य गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के कब्जे से एक देसी पिस्टल, तीन मोबाइल फोन और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गैंग के अपराधी पगार ओपी क्षेत्र स्थित चंदरगुप्त कोल ट्रांसपोर्टिंग परियोजना के आसपास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बड़कागांव के नेतृत्व में केरेडारी थाना, पगार ओपी एवं सशस्त्र बल की संयुक्त टीम गठित कर इलाके में घेराबंदी की गई।

शुक्रवार तड़के लगभग 3:20 बजे पुलिस को दो संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखते ही दोनों जंगल की ओर भागने लगे। पीछा करने के दौरान अपराधियों ने पुलिस पर 3 से 4 राउंड फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में रागिब अफजल के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी जितेंद्र सोनी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वयं को राहुल दुबे गिरोह का सक्रिय सदस्य बताया। पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पूर्व ट्रांसपोर्टिंग कंपनी से लेवी नहीं मिलने पर कर्मचारियों को धमकाने और उपद्रव करने की घटना में भी दोनों की संलिप्तता सामने आई है।

घायल रागिब अफजल को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए बड़कागांव अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही राहुल दुबे गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।