राज्य स्तरीय जगन्नाथ महोत्सव में हो एंटरटेनमेंट की प्रस्तुति ने बढ़ाया हज़ारीबाग का मान

 


रांची में कला, संस्कृति एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय जगन्नाथ महोत्सव–2026 में हो एंटरटेनमेंट कल्चरल टीम, हज़ारीबाग ने अपनी भावपूर्ण नृत्य नाटिका की शानदार प्रस्तुति देकर जिले का गौरव बढ़ाया। टीम की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों, अतिथियों और कला प्रेमियों का भरपूर ध्यान आकर्षित किया तथा कलाकारों को तालियों की गड़गड़ाहट के बीच खूब सराहना मिली।

नृत्य नाटिका के माध्यम से भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और भक्ति भाव का जीवंत मंचन किया गया। आकर्षक वेशभूषा, सटीक नृत्य संयोजन, प्रभावशाली अभिनय और कलाकारों के बेहतरीन तालमेल ने प्रस्तुति को यादगार बना दिया। राज्य के विभिन्न जिलों से आए कलाकारों के बीच हो एंटरटेनमेंट की प्रस्तुति ने अपनी अलग पहचान बनाई।

संस्था के प्रतिनिधियों ने कहा कि राज्य स्तरीय मंच पर हज़ारीबाग का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कला, संस्कृति एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार तथा आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाने और स्थानीय प्रतिभाओं को बड़े मंच उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी।

गौरतलब है कि हो एंटरटेनमेंट, हज़ारीबाग पिछले कई वर्षों से सांस्कृतिक, सामाजिक एवं कलात्मक गतिविधियों के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करता आ रहा है। राज्य स्तरीय जगन्नाथ महोत्सव में मिली यह सराहना संस्था के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

कार्यक्रम में संस्था के निर्देशक रोहित वर्मा सहित पवन रजक, भीम आर्य, कृष्णा कुमार, संतोष कुमार, प्रिया कुमारी, राकेश राम, रिया कुमारी, नीतू राज, कंचन कुमारी, बबलू यादव एवं कौशल्या कुमारी सहित अन्य कलाकार उपस्थित रहे।