युवाओं के मुद्दों पर कांग्रेस का धरना, मुन्ना सिंह बोले- पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित

 


हजारीबाग- झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से लोकभवन के समीप धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कांग्रेस प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में आयोजित इस धरने में कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता, विधायक,मंत्री और पार्टी पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह भी धरने में शामिल हुए और युवाओं के मुद्दों पर कांग्रेस के आंदोलन का समर्थन किया। धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार के कार्यकाल में NEET, UGC-NET समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं के मामले सामने आए, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ। उनका आरोप था कि जब छात्र न्याय की मांग कर रहे थे, तब उनकी आवाज सुनने के बजाय उन पर पुलिस कार्रवाई की गई। धरना-प्रदर्शन में शामिल पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह ने कहा कि देश का युवा आज अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। लगातार पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं ने लाखों मेहनती छात्रों के सपनों को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को न्याय, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और समय पर रोजगार मिलना चाहिए। मुन्ना सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है, जबकि जरूरत रिक्त सरकारी पदों पर शीघ्र नियुक्ति करने और परीक्षा व्यवस्था को पूरी तरह निष्पक्ष एवं मजबूत बनाने की है। धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने परीक्षा प्रणाली में सुधार, पेपर लीक की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई तथा युवाओं के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की मांग की।