हजारीबाग। बारिश के दौरान ट्रैफिक पुलिस जवानों को सुरक्षित रखने और उनकी ड्यूटी को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से रविवार, 20 जुलाई 2026 को सीसीआर कंट्रोल रूम, हजारीबाग में रेनकोट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर हजारीबाग यूथ विंग द्वारा पुलिस अधीक्षक हजारीबाग की उपस्थिति में ट्रैफिक पुलिस के जवानों के बीच रेनकोट वितरित किए गए।
कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर), पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी यातायात थाना तथा पुलिस केंद्र हजारीबाग के परिचारी प्रवर सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बारिश के मौसम में ट्रैफिक पुलिस के जवान लगातार सड़क पर रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्यक्षमता को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है।
यह कार्यक्रम शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में तैनात पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने, उन्हें प्रतिकूल मौसम में सुरक्षित रखने तथा बेहतर यातायात प्रबंधन को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
