दारू प्रखंड में विधायक प्रदीप प्रसाद की जनसुनवाई, हजारों लोगों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

 


हजारीबाग विधानसभा क्षेत्र के दारू प्रखंड में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में विधायक प्रदीप प्रसाद ने बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से सुना। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव विधायक के समक्ष रखे।

जनसुनवाई के दौरान दिव्यांग पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, भूमि विवाद, पेयजल, सड़क, बिजली समेत विभिन्न नागरिक सुविधाओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। विधायक ने कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जबकि कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया। शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना, उनका त्वरित समाधान करना और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई जैसे कार्यक्रम जनता और जनप्रतिनिधि के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम हैं और वे हजारीबाग विधानसभा के प्रत्येक नागरिक की सेवा, सम्मान और विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।

कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।