भुरकुंडा (रामगढ़)। बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के पतरातू प्रखंड अंतर्गत भुरकुंडा पटेल नगर में प्रस्तावित श्री श्री शिव शक्ति धाम मंदिर के भूमि पूजन एवं शिलान्यास का कार्यक्रम रविवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों जनप्रतिनिधियों ने मंदिर निर्माण के लिए नींव की पहली ईंट रखकर शुभारंभ किया।
भूमि पूजन के उपरांत मंदिर निर्माण आयोजन समिति ने सांसद, विधायक एवं अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा अंगवस्त्र ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान भगवान भोलेनाथ के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में गूंज उठा।
इस अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि मंदिर निर्माण केवल एक धार्मिक कार्य नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा को सशक्त करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि मंदिर बनने के साथ-साथ यहां नियमित पूजा-अर्चना और धार्मिक गतिविधियां निरंतर चलती रहें, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी रहें।
सांसद ने कहा कि वर्तमान समय में सनातन धर्म विभिन्न प्रकार की चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में सभी सनातनियों का दायित्व है कि वे संगठित होकर अपने धर्म, संस्कृति और परंपराओं की रक्षा करें तथा उन्हें सुरक्षित रखने के लिए निरंतर प्रयास करें। उन्होंने मंदिर निर्माण कार्य में हरसंभव सहयोग देने का भी भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नरेश अग्रवाल, भाजपा जिला महामंत्री राजू चतुर्वेदी, सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, राधेश्याम अग्रवाल, राजीव जायसवाल, भाजपा नेता विजय जायसवाल, सरदार अनमोल सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मी देवी, रॉबिन गुप्ता, अजय पासवान, सोनू कुशवाहा, सतीश मोहन मिश्रा, योगेश दांगी, सुरेंद्र सिंह, राजेंद्र ठाकुर, सुरेंद्र करमाली, किशोर कुमार महतो, सुखदेव प्रसाद, अमरेश सिंह, मुन्ना यादव, बीरेन्द्र सिंह, किशोर बेदिया, चमनलाल करमाली, मेहीलाल बेदिया, देवेंद्र सिंह, आशीष शर्मा, सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी, पुरोहित अशोक मिश्रा, यजमान उदय कुमार सिंह एवं आरती सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
